आरपीएफ राँची के मण्डल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ बेहतरीन कार्य कर रही है उसी क्रम मे दिनांक 09.04.2026 को ट्रेन संख्या 20408 (नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस) में गढ़वा रोड से रांची तक एस्कॉर्टिंग ड्यूटी के दौरान आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा के एएसआई एम. सिंह अपने तीन स्टाफ सदस्यों के साथ तैनात थे। ड्यूटी के दौरान कोच संख्या H2 में चेकिंग करते समय एक यात्री शशांक सिंह ने एस्कॉर्ट पार्टी को सूचित किया कि H कूपा के एक बर्थ पर एक टैबलेट पड़ा हुआ है। इस पर एस्कॉर्ट पार्टी द्वारा कोच में उपस्थित यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति उस टैबलेट का दावा करने के लिए आगे नहीं आया। तत्पश्चात, टीटीई श्री रंजन कनौजिया से संपर्क किया गया, जिससे पता चला कि उक्त बर्थ पर यात्रा करने वाली यात्री डीटीओ स्टेशन पर उतर चुकी हैं। उपलब्ध विवरण के आधार पर एएसआई एम. सिंह द्वारा संबंधित यात्री से संपर्क किया गया। यात्री ने अपना नाम आरती सिंह (उम्र लगभग 54 वर्ष) बताया और पुष्टि की कि वह नई दिल्ली से डीटीओ तक यात्रा कर रही थीं तथा जल्दबाजी में अपना एप्पल कंपनी का टैबलेट ट्रेन में ही भूल गई थीं। यात्री द्वारा सूचित किया गया कि वह शीघ्र ही अपना सामान प्राप्त करने हेतु आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा पहुंचेगी। इसी क्रम में दिनांक 10.04.2026 को उनके भतीजे श्री कुमार रंजन सिंह आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा पहुंचे और लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत उक्त टैबलेट उन्हें विधिवत सुपुर्द कर दिया गया, बरामद टैबलेट की अनुमानित कीमत लगभग ₹90,000/- है।
इस सराहनीय कार्य के लिए एएसआई एम. सिंह एवं उनके साथ ड्यूटी पर तैनात स्टाफ धर्मेंद्र कुमार, संजीत कुमार एवं सुशील यादव की तत्परता एवं ईमानदारी प्रशंसनीय है।
Leave a comment