रांची। राजधानी रांची में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) का बैग गायब हो गया है। बैग में करीब 350 खाली एन्यूमरेशन फॉर्म और 50 भरे हुए एन्यूमरेशन फॉर्म रखे थे। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बैग गायब होने की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि बैग कहां और किन परिस्थितियों में लापता हुआ। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं फॉर्म का किसी तरह का दुरुपयोग तो नहीं हुआ है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए रांची के उपायुक्त (DC) ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त बैग, एन्यूमरेशन फॉर्म या उससे जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल जिला प्रशासन या निकटतम पुलिस थाना को सूचित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय पर सूचना मिलने से आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की भी अपील की है। वहीं पूरे मामले की जांच जारी है और बैग की तलाश के लिए संबंधित टीमों को लगाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment