रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक
पतरातू । दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पतरातू प्रखंड कार्यालय में 30 अक्टूबर को विशेष आकलन शिविर का आयोजन किया जाएगा। झारखंड सरकार के जिला प्रशासन, रामगढ़ की ओर से आयोजित इस शिविर में पात्र लाभार्थियों की जरूरतों का आकलन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
शिविर में दिव्यांगजनों के लिए एडिप योजना और वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी और कृत्रिम अंग जैसे उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी, वॉकर, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर और चश्मा जैसे सहायक उपकरण दिए जा सकते हैं। एडिप योजना के तहत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले लोग पात्रता के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए यूडीआईडी कार्ड अथवा आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ ले जाने होंगे।








