झारखंड के हजारीबाग जिले के 48379 गाड़ियों से समय पर रोड टैक्स नहीं मिलने के कारण परिवहन विभाग ने गाड़ी मालकों को एक नोटिस भेजा है। परिवहन विभाग का कहना है कि लगभग एक अरब से अधिक की राशि गाड़ी मालिकों पर बकाया है। परिवहन विभाग ने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए कहा है कि डिफॉल्टरों की सूची तैयार की गई है। वहीं, एक सप्ताह के भीतर वाहन स्वामियों से अपने-अपने टैक्स की राशि जमा करने को कहा गया है। जिला परिवहन विभाग ने कड़ा रूख अपनाते हुए कहा कि समय पर टैक्स की राशि जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज होगा।
इसमें पहले वारंट और फिर कुर्की की कार्रवाई होगी। डिफॉल्टर की सूची में ट्रक मालिकों के पास 80 करोड़ बाकाया है। वहीं, बस मालिकों के पास चार करोड़ बाकी है। ट्रेलर संचालकों के पास तीन करोड़ बकाया है। तीन पहिया ऑटो एवं टोटो के संचालकों ने अबतक 30 लाख रूपये मोटर व्हीकल टैक्स जमा नहीं किया है।
थ्री व्हीकल (गुड्स कैरियर) मालवाहक एवं पैसेंजर ढोने वाले वाहन संचालकों के पास 39 लाख रूपये टैक्स बकाया है। हजारीबाग जिला परिवहन पदाधिकारी DTO बैद्यनाथ कामती ने कहा कि फाइनेंशियल वर्ष समाप्ति की ओर है। कई प्रयास के बाद भी बड़ी संख्या में गाड़ी मालिकों ने अपने-अपने वाहनों की टैक्स राशि समय पर जमा नहीं किया है। इसमें कॉमर्शियल के अलावा प्राइवेट गाड़ियां भी शामिल हैं।
Leave a comment