दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों की आकस्मिक निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को घर लाने में महीनों लग जातें हैं। किसी किसी मामले में ही मृतक के परिवार को मुआवजा मिलता है उसमें भी कभी महीनों तो कभी साल लग जाते हैं। लेकिन एएनजी मैनपावर सॉल्यूशन कंपनी ने इस मामले में तत्परता का परिचय देते हुए कुछ ही दिनों में मृतक के परिवार से किया गया वादा निभाया। कंपनी द्वारा दी गई पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता ने बेटी की शादी से पहले परिवार को बड़ी राहत दी है। दरअसल गढ़वा जिले के डंडा प्रखंड निवासी अजित राम एएनजी मैनपावर सॉल्यूशन के माध्यम से गुजरात के साणंद स्थित kec कंपनी में काम करने गये थे। 16 जनवरी को हार्ट अटैक के कारण उनकी अचानक मृत्यु हो गई। घटना के बाद कंपनी की पहल से उनका पार्थिव शरीर शीघ्र ही उनके गांव पहुंचाया गया। साथ ही, कंपनी ने परिवार से यह वादा किया था कि बेटी की शादी के समय पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
20 अप्रैल को अजित राम की बेटी की शादी है। इससे पहले ही कंपनी ने अपना वादा निभाते हुए पांच लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट पीड़ित परिवार को भेज दिया। यह राशि जिले के उप विकास आयुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के माध्यम से मृतक की पत्नी अनरवा देवी को सौंपी गई। अनरवा देवी ने भावुक होकर बताया कि पति की मृत्यु के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी, लेकिन कंपनी द्वारा की गई यह सहायता उनकी बेटी की शादी के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी। उन्होंने इसके लिए कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, उप विकास आयुक्त ने भी कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे संस्थानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों को हर संभव लाभ और सुरक्षा मिल सके।
Leave a comment