झारखंड में आज राज्य के 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, एक बार फिर रांची समेत 13 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ ही बादल गरजने, वज्रपात होने और बारिश की भी संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश और हिमालय की ओर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड में भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 17 मई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दिन के समय तेज गर्मी महसूस होगी, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदल सकता है। कई जिलों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आज कौन कौन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
आज 12 मई को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज आंधी के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अन्य जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन और बारिश की संभावना है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 मई का मौसम
13 मई को भी मौसम का असर जारी रहेगा। रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना है। इन जिलों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
14 और 15 मई का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में दोपहर बाद बादल छाए रहेंगे। साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में बारिश और वज्रपात की भी संभावना है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 15 मई को पूरे झारखंड में आंधी, बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Leave a comment