हजारीबाग। शहर के मिशन स्कूल मैदान (सरना स्थल) को अतिक्रमण और कचरे से मुक्त कर खेल योग्य बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व स्वयं महापौर अरविंद कुमार राणा ने किया। इस दौरान वार्ड पार्षद विकास यादव, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश कुमार राम सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
लंबे समय से मिशन मैदान में कचरा जमा होने के कारण यह स्थान अपनी पहचान खोता जा रहा था। सफाई अभियान के तहत मैदान से कचरा हटाने, झाड़ियों की सफाई और समतलीकरण का कार्य शुरू किया गया। महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस मैदान को जल्द विकसित किया जाएगा।
वार्ड पार्षद विकास यादव ने बताया कि लक्ष्य है कि अगले सात दिनों के भीतर मैदान को फुटबॉल खेलने योग्य बनाया जाए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक अतिरिक्त मैदान उपलब्ध हो सके और अन्य स्टेडियमों पर बढ़ता दबाव भी कम हो।
जिला खेल पदाधिकारी कैलाश कुमार राम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल मैदानों का संरक्षण और विकास युवाओं के भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मैदान तैयार होने के बाद यहां नियमित रूप से खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि मिशन मैदान जल्द ही स्वच्छ, सुंदर और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी खेल परिसर के रूप में विकसित होगा।
Leave a comment