मॉब लिंचिंग पर सख्त कानून बनाने और SIR के कागजात जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने की उठाई आवाज
कटकमसांडी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सह कटकमसांडी प्रखंड उपाध्यक्ष शाहिद खान उर्फ राजा ने राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र और राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
मुलाकात के दौरान शाहिद खान ने राज्य में होने वाली मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग मुख्यमंत्री से की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है, इसलिए सरकार को इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने SIR प्रक्रिया से संबंधित कागजात जमा करने के लिए आम लोगों को अतिरिक्त समय देने का भी अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आम नागरिक समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, ऐसे में समय-सीमा बढ़ाए जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी और वे अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को लेकर शाहिद खान उर्फ राजा ने कहा कि “मुझ जैसे एक आम कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी द्वारा इतना सम्मान और स्नेह मिलना मेरे लिए गौरव का क्षण है। यह सम्मान मेरे लिए ही नहीं, बल्कि हर जमीनी कार्यकर्ता के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है।”
उन्होंने कहा कि झामुमो का हर कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझता है और उन समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उसकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के समक्ष जनहित के मुद्दे रखने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण और यादगार क्षण रहा।
मुलाकात के दौरान जनहित, सामाजिक सुरक्षा और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। शाहिद खान ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन मुद्दों पर भी प्रभावी कदम उठाएगी।
Leave a comment