जामताड़ा, झारखंड – कपिल देव दास
जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर भीठरा गांव में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय शीला देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला का शव 8 अक्टूबर 2026 को गांव के बहियार स्थित धान के खेत में सड़ी-गली अवस्था में बरामद किया गया था।
मामले में चौकीदार परमेश्वर तुरी के आवेदन के आधार पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 80/26, दिनांक 8 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
जांच के दौरान बरामद शव की पहचान शीला देवी, उम्र 35 वर्ष, पिता देवेंद्र सिंह उर्फ खुदु सिंह, निवासी रामपुर भीठरा, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के क्रम में मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मृतका के पिता देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घर के पीछे स्थित धान के खेत में पैर से गला दबाकर अपनी बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई अनुसंधान के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
Leave a comment