
हजारीबाग–
चरही रोड पर हुए दर्दनाक टेम्पो हादसे में घायल वेटरों की स्थिति जानने के लिए हजारीबाग जिले के समाजसेवी व युवा नेता विक्की कुमार धान मंगलवार को अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। हादसे में घायल लोगों के परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आगे आकर मदद करने की अपील की। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध भोज कार्यक्रम में वेटर के रूप में काम करने गए लोग लौटने के दौरान चरही रोड पर टेम्पो दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में कटकमदाग प्रखंड के खपरियावां पंचायत अंतर्गत अंबेडकर नगर निवासी मनीष कुमार दास, पिता ज्ञानी राम, तथा कटकमसांडी प्रखंड के असधीर निवासी सुरेंद्र कुमार दास, पिता गौरी दास, घायल हो गए। सुरेंद्र कुमार दास की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। विक्की कुमार धान ने घायलों के परिजनों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना ने दोनों परिवारों के सामने इलाज और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। परिवार के कमाने वाले सदस्यों के घायल होने से उनके सामने भविष्य की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में इन परिवारों को केवल सांत्वना नहीं, बल्कि वास्तविक सहायता की जरूरत है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग झामुमो जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया से दूरभाष पर बातचीत की और पीड़ित परिवारों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज तथा जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की दिशा में पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।विक्की कुमार धान ने कहा कि जनसेवा का असली अर्थ जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना है। जब किसी गरीब परिवार पर अचानक मुसीबत आती है और उसके सामने इलाज तथा परिवार चलाने का संकट खड़ा हो जाता है, तब समाज के हर जिम्मेदार व्यक्ति को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे पीड़ित परिवारों की मदद के लिए संवेदनशीलता दिखाएं, ताकि घायलों का समुचित इलाज हो सके और परिवारों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने के लिए वे अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
Leave a comment