
हजारीबाग। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में दिनांक 03 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक ने पेलावल अंचल कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल एवं प्रभारी पेलावल ओपी की उपस्थिति में कटकमदाग, कटकमसांडी एवं पेलावल क्षेत्र के नए एवं पुराने सभी कांडों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्ष 2026 से पूर्व के लंबित कांडों एवं वर्तमान में दर्ज मामलों का प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा अनुसंधान में तेजी लाकर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

वहीं, कटकमदाग, कटकमसांडी एवं पेलावल थाना क्षेत्रों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि न्यायालय से निर्गत आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इस बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा कर उनके निष्पादन की प्रगति सुनिश्चित की जाएगी।
अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर भी एसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होने वाले स्थानों को चिन्हित कर इसमें संलिप्त आरोपियों की पहचान की जाए तथा विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनमें शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने आम जनता की समस्याओं को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष संवेदनशीलता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थानों में पहुंचने वाले आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
इसके अलावा जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की थाना दिवस पर समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से पत्राचार कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस समीक्षा बैठक के माध्यम से एसपी ने साफ संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर कानून-व्यवस्था का माहौल उपलब्ध कराना है।





Leave a comment