रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश की नई टीम में जिम्मेदारियों का बंटवारा कर दिया है। प्रदेश प्रभारी एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने पांचों प्रमंडलों के साथ विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के प्रभारियों की भूमिका तय की है। साथ ही जिला और मंडल स्तर पर संगठनात्मक कमेटियों के गठन के लिए 10 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।
नई व्यवस्था के तहत प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह को पार्टी के सभी मोर्चों और विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह प्रकोष्ठों के कामकाज और उनके बीच समन्वय का दायित्व संभालेंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य संगठन के विभिन्न स्तरों पर तालमेल बढ़ाना और कार्यों की नियमित निगरानी करना है।
प्रदेश प्रभारी ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने का निर्देश दिया है। वहीं, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और सभी 30 सांगठनिक जिलों के मोर्चा अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के मंडलों में जाकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने को कहा गया है।
संगठनात्मक कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को हर महीने अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपनी होगी। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श कर जिला एवं मंडल कमेटियों का गठन 10 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
नई व्यवस्था के जरिए भाजपा प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने पर जोर दे रही है।
Leave a comment