
बोकारो: नवरात्र के पावन अवसर पर सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति, दुग्दा की ओर से कोल वाशरी स्टेडियम में भव्य डांडिया एवं गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और मां दुर्गा की प्रतिमा से सजा स्टेडियम भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।महोत्सव का शुभारंभ अतिथियों ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सीटीपीएस के सीनियर जीएम (ओएंडएम) श्री राजेश कुमार और डीजीएम (ईएमपीसी) राजीव कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और देवी भक्ति गीतों से हुई। इसके बाद फिल्मी और पारंपरिक गीतों की धुन पर प्रतिभागियों ने जमकर डांडिया और गरबा किया।‘डोले रे डोले’, ‘चुनरी के रंग’ और ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर महिलाओं और युवतियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। हाथों में डांडिया लेकर सामूहिक नृत्य करती प्रतिभागियों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा स्टेडियम तालियों और संगीत की गूंज से उत्सवमय बना रहा।वक्ताओं ने कहा कि डांडिया और गरबा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। रात आठ बजे शुरू हुआ महोत्सव देर रात 11 बजे तक चला। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों निश्चित कुमार, निखिल, स्वाति कुमारी, हरि दर्शन, अंशु, राहुल, भोला और जीतू समेत अन्य लोगों का योगदान रहा। अंत में प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
Leave a comment