गुमशुदगी की सूचना मिलते ही एक्शन में आई पुलिस, पटना से सुरक्षित बरामदगी—थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की सक्रियता बनी कार्रवाई की सबसे बड़ी कड़ी
गिद्दी (हजारीबाग)। गिद्दी थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के गुम होने की सूचना मिलते ही गिद्दी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयास का परिणाम रहा कि महज 12 घंटे के भीतर नाबालिग लड़की को पटना जिले के महुवाबाग, जगदेव पथ के समीप थाना रूपसपुर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामले को लेकर गिद्दी थाना में कांड संख्या 30/26, दिनांक 11 सितंबर 2026, के तहत धारा 137(2)/96 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच एवं बरामदगी की कार्रवाई शुरू की थी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की मुख्य भूमिका रही। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए उन्होंने टीम के साथ लगातार प्रयास किया और तकनीकी एवं पुलिसिया सूझबूझ के माध्यम से नाबालिग तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस की इस सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है। नाबालिग का बयान सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) एवं न्यायालय में कराया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके परिवार को सौंपा जाएगा।
नाबालिग की सकुशल बरामदगी ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस यदि संवेदनशील मामलों में तत्परता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करे तो मुश्किल परिस्थितियों में भी त्वरित सफलता हासिल की जा सकती है। गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की सक्रियता और नेतृत्व की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
गुमशुदगी की सूचना से लेकर पटना से सकुशल बरामदगी तक महज 12 घंटे में पूरी हुई कार्रवाई गिद्दी पुलिस की कार्यकुशलता और तत्परता का एक मजबूत उदाहरण है।
Leave a comment