पाकुड़ से जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
पाकुड़। पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित सहायक अभियंता राणा प्रताप यादव के क्वार्टर में 28 दिसंबर की रात हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। नगर थाना कांड संख्या 330/2025 के तहत गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को 30 दिसंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि हरिणडांगा मैदान के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से दरवाजा व ताला तोड़ने के औजार, आरी-पत्ती और कटर बरामद किए गए, जिससे उनके इरादे साफ जाहिर हो गए।
सख्त पूछताछ में तीनों आरोपियों ने सहायक अभियंता के क्वार्टर में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया 125 ग्राम चांदी के जेवरात और ₹12,800 नकद भी बरामद कर लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इस गिरोह के तार अन्य घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं।
फरार आरोपी सहित अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
फिलहाल पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से न सिर्फ चोरी कांड का खुलासा हुआ है, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
Leave a comment