सीए परीक्षा के घोषित परिणाम में चान्हो प्रखंड के चोरया गांव की अंकिता रानी ने रांची जिला में तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार समेत पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही घर में जश्न मनाया गया। परिजनों ने केक काटकर खुशी जाहिर की और अंकिता को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। अंकिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
अंकिता के पिता बिरजू साहू उर्फ ब्रजदेव साहू चान्हो और मांडर के साप्ताहिक हाट में कपड़ों की दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं- दो बेटियां और एक बेटा। बड़ी बेटी ऋषिता रानी भी सीए परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में टाटा स्टील में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देखती थी, जिसे उसने कड़ी मेहनत और लगन से पूरा किया।
अंकिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मांडर स्थित ऑक्साब्रिज स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उसने डीएवी कपिलदेव, रांची से इंटरमीडिएट (प्लस टू) की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई और सीए की तैयारी उसने रांची में रहकर की। अंकिता की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिली है।
Leave a comment