हजारीबाग जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत गदोखर गांव में रामनवमी के दौरान हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। दिनांक 27/28 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे गदोखर शिव मंदिर से निकली शोभायात्रा के दौरान कब्रिस्तान मोड़ के पास सुनियोजित साजिश के तहत रामकुमार साव पर भुजाली से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
घटना के बाद मृतक के परिजन द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कटकमसांडी (पेलावल) थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओपी प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष SIT टीम का गठन किया और लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें करण कुमार यादव (18 वर्ष), नितेश कुमार यादव और अरुण यादव (48 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर अरुण यादव के घर से हत्या में प्रयुक्त खून लगा भुजाली बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि पूर्व की रंजिश के कारण साजिश रचकर इस हत्या को अंजाम दिया गया।
इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा (लोहसिंघना), थाना प्रभारी शिवम गुप्ता (कटकमसांडी), एसआई उपेंद्र सिंह, एसआई श्यामजीत किस्कू, एसआई संजय खलखो, एएसआई रविंद्र कुमार, एएसआई ललसो किस्कू, एएसआई रमेश सिंह, एएसआई बुधवा तिर्की सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई से न केवल इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। इस कार्रवाई से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।
Leave a comment