जमशेदपुर | विशेष संवाददाता
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के व्यावसायिक वाहनों से जुड़े टेंडर संख्या GEM/2025/B/6751151, दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। राजपूत समाज संपूर्ण भारत के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी अजितेश उज्जैन ने BSNL के मुख्य महाप्रबंधक, जमशेदपुर को लिखित शिकायत देकर टेंडर के अंतर्गत वाहन संचालन और बिल भुगतान में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायत में ठेकेदार ए.एस. सोल्यूशन के संबंध में वाहन के नंबर, वाहन की उम्र, किलोमीटर रीडिंग, चालकों की पात्रता, EPF-ESIC तथा भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
मीटर रीडिंग को लेकर सबसे बड़ा सवाल
शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ वाहनों के वास्तविक संचालन और बिलों में दर्शाई गई किलोमीटर रीडिंग में अंतर होने की आशंका है। आरोप लगाया गया है कि कुछ वाहन करीब 1,200 किलोमीटर प्रतिमाह चलने के बावजूद बिलों में 2,000 किलोमीटर से अधिक की रीडिंग दिखाई गई हो सकती है।
मामले में शिकायतकर्ता ने GPS रिकॉर्ड, वाहन लॉगबुक, मीटर रीडिंग, सर्विस रिकॉर्ड और बिलों का आपस में मिलान कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
वाहन नंबर और मॉडल पर भी उठे सवाल

शिकायत में JH10CG5242 नंबर वाले वाहन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाया गया है। शिकायतकर्ता ने वाहन के वास्तविक स्वामित्व, पंजीकरण, फिटनेस, मॉडल एवं टेंडर में निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की जांच की मांग की है।
चालकों और EPF-ESIC रिकॉर्ड की जांच की मांग
कुछ चालकों की उम्र 60 वर्ष से अधिक होने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा शिकायत में EPF और ESIC से संबंधित रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने वास्तविक चालक, उपस्थिति, वेतन भुगतान और EPF-ESIC रिकॉर्ड का आपस में सत्यापन कराने की मांग की है।
“जांच से ही सामने आएगी वास्तविक तस्वीर”

अजितेश उज्जैन ने BSNL प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के दौरान संबंधित रिकॉर्ड एवं बिलों का विशेष ऑडिट कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए तथा टेंडर की शर्तों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि मामले की जांच और कार्रवाई की स्थिति से शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए।
खबर 365 ब्यूरो चीफ आभा वर्मा
Leave a comment