
हजारीबाग। हनीफ कॉलोनी, पगमील स्थित गॉड ग्रेस पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक श्री आमिर अल्ताफ एवं मुख्य अतिथि मोहम्मद सरफराज अहमद, उपविजेता महापौर, नगर निगम हजारीबाग द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रगान के बाद पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन वर्ग IX की छात्राओं जीनत एवं आशिफा ने किया। समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। वर्ग I एवं II की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं वर्ग III, IV एवं V की छात्राओं तथा वर्ग V, VI एवं VII के छात्रों ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

भाषण प्रतियोगिता में वर्ग I के छात्र फैय्याज एवं वर्ग IV की छात्रा आफिया ने अंग्रेजी में, वर्ग VIII की छात्रा इकरा ने हिंदी में तथा वर्ग V की छात्रा महविश ने उर्दू में प्रभावशाली भाषण देकर स्वतंत्रता के महत्व और देश के प्रति अपने विचार साझा किए।
वर्ग III के छात्र फरहान एवं समीर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनकी प्रस्तुति ने माहौल को भावुक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं Play, Nursery, LKG एवं UKG के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद खालिद तथा शिक्षिकाओं बुशरा एवं अंजलि ने भी प्रेरणादायक संबोधन देकर विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य रिजवानुल अंसारी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि मोहम्मद सरफराज अहमद ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही मजबूत और विकसित भारत की आधारशिला है तथा आने वाले समय में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
वहीं विद्यालय के निदेशक श्री आमिर अल्ताफ ने नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से देश के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण अध्यायों को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं मुकर्रम, वसीम, रफत, बॉबी, जीनत, शमां, सना, सबीना, पिंकी, तरन्नुम, अफ्शी, तलत, ईफत सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
देशभक्ति, अनुशासन और बच्चों की प्रतिभा से सजा यह स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यालय परिवार के लिए यादगार बन गया।
Leave a comment