
गिद्दी (हजारीबाग)। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिद्दी थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंचल अधिकारी डाड़ी, गिद्दी क्षेत्र के तीनों प्रोजेक्ट के पदाधिकारी, पूजा समितियों के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन द्वारा दुर्गापूजा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों से सभी उपस्थित लोगों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। प्रशासनिक निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने, पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से बचने की अपील की गई। साथ ही पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पूजा पंडालों में आवश्यक सावधानियां, यातायात व्यवस्था तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की सक्रियता की सराहना
बैठक के सफल आयोजन और दुर्गापूजा को लेकर पहले से की जा रही तैयारियों में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की सक्रियता एवं तत्परता विशेष रूप से देखने को मिली। उन्होंने पूजा समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। उनकी सक्रिय कार्यशैली और बेहतर पुलिस-जन समन्वय की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्गापूजा आपसी भाईचारे, आस्था और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
Leave a comment