
हजारीबाग। जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को चरही थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में संचालित कार्यों, अपराध नियंत्रण से संबंधित अभिलेखों, लंबित कांडों, वारंट, कुर्की तथा अनुसंधान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजान अहमद एवं चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से देखने को मिली।

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहदार, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने थाना की विभिन्न संचिकाओं का अवलोकन करते हुए अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

लंबित कांडों, फरार अभियुक्तों, वारंट एवं कुर्की के मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा लंबित अनुसंधान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। संगठित अपराध से संबंधित मामलों की भी समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया। अवैध बालू, कोयला एवं अन्य सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस को सतर्क रहने तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की बात कही गई।
विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजान अहमद के नेतृत्व में क्षेत्रीय पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने, अपराधियों पर नजर बनाए रखने और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए लगातार सक्रियता बरती जा रही है। वहीं चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार को थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित कर पुलिस-जनता समन्वय को मजबूत बनाने पर भी बल दिया। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों से चरही थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस पहल की उम्मीद जताई जा रही है।





Leave a comment