रांची। लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर आखिरकार झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने एचईसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को जेबीवीएनएल ने एचईसी की बिजली आपूर्ति काट दी।
एचईसी पर बिजली बिल के रूप में निगम का करीब 348 करोड़ रुपये बकाया हो गया था। लगातार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं होने के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, एचईसी प्रबंधन की ओर से लंबे समय से बिजली बिल का नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा था। बताया गया है कि वर्ष 2022 में एचईसी ने 160 करोड़ रुपये के बकाये के एवज में महज 49 लाख रुपये का अंतिम भुगतान किया था। इसके बाद से अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया।
इस दौरान जेबीवीएनएल की ओर से एचईसी प्रबंधन को हर महीने बकाया भुगतान के लिए नोटिस भेजे जाते रहे। इसके बावजूद प्रबंधन की तरफ से न तो नोटिस का कोई जवाब दिया गया और न ही बकाया राशि का भुगतान किया गया। लगातार अनदेखी और बढ़ते बकाये को देखते हुए आखिरकार जेबीवीएनएल ने बिजली आपूर्ति बंद करने का फैसला लिया।
348 करोड़ रुपये के भारी बकाये के बीच एचईसी की बिजली कटने से कंपनी की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि एचईसी प्रबंधन बकाया भुगतान को लेकर क्या कदम उठाता है और बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए आगे क्या पहल करता है।





Leave a comment