राजधानी रांची में वाटर मीटर चोरी और ठगी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहरवासियों को सतर्क रहने की अपील की है। निगम ने आम सूचना जारी कर कहा है कि जल कनेक्शन देने या वाटर मीटर से संबंधित काम के नाम पर घर पहुंचने वाले अनजान लोगों की पहचान जरूर जांचें।
नगर निगम के अनुसार, कुछ लोग खुद को निगम का कर्मचारी या प्रतिनिधि बताकर घरों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में बिना पहचान की पुष्टि किए किसी भी व्यक्ति को घर में प्रवेश की अनुमति नहीं दें। संबंधित व्यक्ति से रांची नगर निगम का आधिकारिक पहचान पत्र दिखाने को कहें।
निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल आईडी कार्ड देखकर भरोसा न करें, बल्कि संबंधित कर्मचारी की पहचान की पुष्टि नगर निगम के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर फोन करके भी कर सकते हैं।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को वाटर मीटर या जल कनेक्शन से संबंधित जानकारी देने में सावधानी बरतें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत निगम को सूचना दें।





Leave a comment