बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित असर को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड पर है। राज्य में भारी बारिश की आशंका को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। प्रशासन को निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को झारखंड के कई जिलों में बारिश की संभावना है। रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
इस बीच किसानों की फसलों को लेकर भी प्रशासन चिंतित है। कृषि विभाग को संभावित फसल नुकसान का आकलन करने और जरूरत पड़ने पर पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, अस्पतालों में दवाइयों, एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





Leave a comment