गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से संबंधित फेसबुक पर कथित भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियो टैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोप में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को फेसबुक पर ‘गढ़वा DC शौचालय में पैसा लेता है’ शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी। मामला सामने आने के बाद उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला जल एवं स्वच्छता समिति के कार्यपालक अभियंता सह सदस्य सचिव से पूरे मामले की जानकारी मांगी।
इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि विभाग के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर कोई भी संविदा या आउटसोर्स कर्मी कार्यरत नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने सोशल मीडिया पर कथित निराधार और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक निर्देश के बाद विशुनपुरा प्रखंड के सरांग पंचायत अंतर्गत जतपुरा गांव निवासी पंकज कुमार यादव के खिलाफ 19 नवंबर को विशुनपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
वहीं, मझिआंव प्रखंड के करमडीह गांव निवासी अविनेश कुमार पर शौचालय जियो टैग के नाम पर पैसे की उगाही करने का आरोप है। उनके खिलाफ 20 नवंबर को मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।





Leave a comment