
गिद्दी(हजारीबाग)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन के नेतृत्व में “खेलेगा भारत–जीतेगा भारत” थीम के तहत आयोजित तीन दिवसीय खेल एवं जागरूकता अभियान का रविवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। पूरे आयोजन में गिद्दी थाना पुलिस की सक्रियता, सहभागिता और सामुदायिक पुलिसिंग की प्रभावी पहल देखने को मिली।

अभियान के तहत 28 अगस्त को Digital Tributes एवं Pass the Ball कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद 29 अगस्त को “एक घंटा खेल के मैदान में” कार्यक्रम के अंतर्गत नींबू-चम्मच रेस एवं रस्साकसी प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कॉपी, पेन एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को “Sunday on Cycle” तथा भारत को BRICS की अध्यक्षता मिलने के उपलक्ष्य में “Run and Ride” कार्यक्रम के तहत साइकिल रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल, पेन, केक एवं चॉकलेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही “खेलेगा भारत–जीतेगा भारत” अभियान का भव्य समापन हुआ।

कार्यक्रम के दौरान गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की सक्रिय पहल पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत राजकीय अनुग्रह नारायण सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय, रैलीगढ़ा में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता, यातायात नियमों, बाल विवाह, दहेज प्रथा, मानव तस्करी, डायन प्रथा, मॉब लिंचिंग एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में डायल 1930, पुलिस सहायता के लिए डायल 112 तथा मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
गिद्दी थाना प्रभारी एकबाल हुसैन की इस पहल ने पुलिस और आमजन के बीच संवाद को और मजबूत करने का काम किया। खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और कानून के प्रति जागरूकता को एक साथ जोड़कर आयोजित यह अभियान सामुदायिक पुलिसिंग की एक सकारात्मक और प्रभावशाली मिसाल बनकर सामने आया।
Leave a comment