इचाक: केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 7 सितंबर को जिले के ईचाक प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर शनिवार को ईचाक प्रखंड के डाढ़ा पंचायत में झामुमो महिला सेल की जिला अध्यक्ष सह प्रखंड प्रभारी सुनीता देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में 20 सूत्री अध्यक्ष सह प्रखंड प्रभारी झामुमो मनोहर राम और दयानंद कुमार मेहता मौजूद रहे। संचालन दयानंद कुमार मेहता ने किया। सुनीता देवी ने कहा कि संशोधन विधेयक झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों के अधिकारों पर सीधा हमला है। इससे राज्य के वित्तीय एवं संवैधानिक अधिकार कमजोर होंगे और इसका सबसे अधिक नुकसान झारखंड को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को ईचाक प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। मनोहर राम ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों पर यहां की जनता का पहला अधिकार है। वहीं दयानंद कुमार मेहता ने आंदोलन को झारखंड के हक और अधिकारों की लड़ाई बताया। बैठक में धरना-प्रदर्शन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के बंटवारे और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा हुई। मौके पर अनुज सोरेन, छोटन राम, मुकेश दास, शीला देवी, अंगिरा कुमारी, सविता देवी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
Leave a comment