कटकमसांडी(हजारीबाग)। कटकमसांडी थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के आरोप में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से मामले के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 06 सितंबर 2026 की रात ग्राम तोयर निवासी जगेश्वर भुईयां की हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी के आवेदन पर कटकमसांडी थाना कांड संख्या 140/26, दिनांक 07.09.2026, धारा 103(1)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में दो आरोपियों मंगरा कच्छप एवं रतन कुजूर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगे की जांच और छापेमारी के क्रम में 12 सितंबर को दो और आरोपियों—विकास गंजु एवं प्रकाश गंजु—को गिरफ्तार किया गया।
पूरे मामले में पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश की सक्रियता और तत्परता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। जांच टीम के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्रवाई को गति देने और आरोपियों की गिरफ्तारी में उनकी भूमिका की सराहना की जा रही है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सपन महथा, थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश एवं कटकमसांडी थाना सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट है कि गंभीर अपराधों में कटकमसांडी पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है।
Leave a comment