बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बोकारो-पुरुलिया मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर नगेन मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे दुकानों में जा घुसा। हादसे के समय दुकान पर कुछ लोग बैठकर चाय पी रहे थे। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के पास स्थित नगेन मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर पिंड्राजोरा की ओर से पश्चिम बंगाल जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय दुकान में लोग बैठकर चाय पी रहे थे। अचानक ट्रेलर के दुकानों में घुसने से वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के कारण दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ लोग मलबे में दब गए।
इस हादसे में सरदाहा गांव निवासी गुई राम ओझा और शीदाम घटवाल की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में एक महिला भी शामिल बताई गई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने भी अपने वाहन से कुछ घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने हादसे के विरोध में सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। थाना प्रभारी रवि कुमार के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Leave a comment