
शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारा के साथ दुर्गा पूजा मनाने हेतु किए अपील
जामताड़ा । जिले में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 16.10.2026 को देर संध्या में जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी, आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक,शम्भू कुमार सिंह द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ जामताड़ा एवं मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया गया।

मिहिजाम में पुराना चेकपोस्ट स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा मंदिर का पूजा पंडाल का उपायुक्त-पुलिस अधीक्षक ने किए विधिवत शुभारंभ
इस क्रम में सर्वप्रथम उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती जयश्री देवी सहित अन्य गणमान्य के साथ पुराना चेकपोस्ट स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा मंदिर का पूजा पंडाल का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ के उपरांत उपायुक्त श्री आलोक कुमार ने सभी को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दुर्गापूजा के पावन पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं।

निरीक्षण के क्रम में दिए गए जरूरी दिशा निर्देश
वहीं निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों संग मिहिजाम में पुराना चेक पोस्ट, महिला वार्ड, शिव मन्दिर के अलावा जामताड़ा में गांधी मैदान, चाकड़ी एवं यज्ञ मैदान पूजा पंडालों का निरीक्षण कर पूजा पंडालों की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी पंडालों में सुरक्षा संबंधी मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था उपलब्ध रखने तथा अग्निशामक उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, विद्युत तारों की वायरिंग सुरक्षित तरीके से एवं पर्याप्त ऊंचाई पर कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

जिला प्रशासन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित दुर्गापूजा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित दुर्गापूजा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में पूजा समिति से अपील कर कहा कि प्रतिनियुक्त सभी स्वयंसेवक निर्धारित ड्रेस एवं पहचान पत्र के साथ तैनात रखें, ताकि श्रद्धालुओं की सहायता, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा सभी पंडालों में प्रवेश एवं निकास द्वार को स्पष्ट, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने तथा भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूजा समितियों से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती जय श्री देवी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय मिहिजाम श्री गोपेश कुम्भकार के अलावा अन्य संबंधित मौजूद रहे।
Leave a comment