
चतरा: जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब बनाने और बेचने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर एक मुर्गी फार्म में संचालित नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया।
बताया जा रहा है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से जंगल क्षेत्र में छिपकर चलाया जा रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, स्पिरिट, खाली बोतलें, ढक्कन, स्टीकर और अन्य उपकरण जब्त किए।

छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की सैकड़ों बोतलें, करीब 25 लीटर स्पिरिट, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, हजारों ढक्कन, नकली स्टीकर और शराब बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी अभिषेक कुमार की सक्रियता, तत्परता और सटीक रणनीति की हर तरफ सराहना हो रही है। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देरी टीम गठित कर छापेमारी की और इस अवैध कारोबार का खुलासा किया।

जब से पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने चतरा में पदभार संभाला है, तब से जिले में नशा के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इस कार्रवाई को भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में खौफ का माहौल बना है। उनकी कार्यशैली और सख्त रुख की आमजन और प्रशासनिक स्तर पर सराहना की जा रही है।
पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और अन्य फरार लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
इटखोरी पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अवैध धंधों में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Leave a comment