
हजारीबाग: स्वतंत्रता दिवस के दिन इचाक प्रखंड के सिजुआ बिरहोर टोला में 31 वर्षीय गोला बिरहोर, पिता बुधन बिरहोर की बीमारी से मौत हो गई। बताया गया कि गोला पिछले कई दिनों से बीमार था। परिजनों के अनुसार समय पर समुचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।

वहीं उसकी पत्नी रसई बिरहोरनी की भी तबीयत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय मुखिया सह जिला अध्यक्ष मुखिया संघ रंजीत कुमार मेहता की पहल पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार में आठ वर्षीय बच्ची भी है, जिसके सहारे अब परिवार को संभालने की स्थिति बनी हुई है। मुखिया ने बिरहोर समुदाय की प्रशासनिक उपेक्षा का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
वहीं ईचाक मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। इसी गड्ढे के कारण एक बिरहोर महिला की मौत तथा स्वतंत्रता दिवस पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आई है। इचाक के अंचल अधिकारी अनंत कुमार झा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। चिकित्सा टीम को सिजुआ बिरहोर टोला भेजा गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Leave a comment