
कटकमसांडी (हजारीबाग): आगामी 4 अप्रैल को झारखंड मुक्ति मोर्चा के 47वें स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने को लेकर प्रखंड स्तरीय एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष राजा मोहम्मद ने की, जिसमें विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष राजा मोहम्मद ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड से लगभग 1000 कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके लिए पंचायत स्तर पर जोर-शोर से तैयारी चल रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर उनके भव्य स्वागत की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि पेलावल दक्षिणी पंचायत की मुखिया नूरजहां एवं बाझा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि झमन सिंह भोक्ता सैकड़ों समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस खबर से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
राजा मोहम्मद ने कहा कि इन जनप्रतिनिधियों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और प्रखंड में झामुमो का जनाधार और विस्तृत होगा।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर पर प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि संगठन को और अधिक सक्रिय, संगठित और सशक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष सह प्रभारी राजा खान, प्रखंड सचिव जयप्रकाश केसरी, मुखिया कुमारी श्रीति पांडेय, मुखिया नूरजहां, हैदर रजा, खुशबू पांडेय, अफसाना परवीन, साहिना परवीन, शबनम खातुन, भुवनेश्वर यादव, अजय प्रसाद सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Leave a comment