झारखंड के नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद और गिरिडीह में अलग-अलग वार्डों से बवाल और झड़प की खबरें सामने आई हैं। दोनों जिलों में कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, हालांकि प्रशासन की तत्परता से हालात को काबू में कर लिया गया।
धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सूसनीलेवा नाग नगर स्थित वार्ड संख्या 22 के बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
बताया गया कि एक प्रत्याशी के प्रतिनिधि की मतदान केंद्र के पास मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप था कि बूथ के समीप अनावश्यक भीड़ जमा की जा रही थी और मतदान में हस्तक्षेप की कोशिश हो रही थी। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कुछ देर बाधित रहने के बाद मतदान दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान चाहते हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
गिरिडीह : वार्ड 18 में मारपीट, पथराव और सड़क जाम
वहीं Giridih के वार्ड 18 के बूथ संख्या 4 पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद पथराव शुरू हो गया। इससे मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को जबरन रोकने और धमकाने की कोशिश की गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रित किए गए। समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम हटवाया गया और दोबारा मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 6.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बड़की सरिया नगर पंचायत में 10.09 फीसदी और धनवार नगर पंचायत में 10.25 फीसदी वोटिंग हुई। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Leave a comment