लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। खरना पूजा संपन्न होने के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है।
खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य को भोग अर्पित किया। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का संकल्प लिया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
छठ महापर्व के तीसरे दिन आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे लेकर छठ घाटों पर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालु बांस के सूप और दउरा में फल, फूल, ठेकुआ सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचेंगे और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।
वहीं, छठ पूजा को लेकर बाजारों और घाटों पर भी चहल-पहल बनी हुई है। श्रद्धालु पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ इस महापर्व की तैयारियों में जुटे हैं। पहले अर्घ्य के बाद छठ महापर्व के अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती अपना व्रत पूरा करेंगे।





Leave a comment