बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 8 मार्च से सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। जेडीयू से जुड़ने के बाद वह अपने पिता की तरह पूरे बिहार का दौरा करेंगे और लोगों से संवाद करेंगे। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने जानकारी दी कि निशांत कुमार राज्यभर की यात्रा पर निकलेंगे और विभिन्न जिलों में लोगों से मुलाकात करेंगे। पार्टी नेताओं का मानना है कि आने वाले समय में निशांत कुमार जेडीयू के 84 विधायकों और 12 से अधिक सांसदों के नेता के रूप में उभर सकते हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार की 16 बार यात्रा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसी दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जीविका समूहों की स्थापना की गई और इन्हीं जीविका दीदियों की सलाह पर राज्य में शराबबंदी जैसा बड़ा फैसला भी लागू किया गया।
अब माना जा रहा है कि निशांत कुमार भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए बिहार यात्रा के जरिए लोगों के बीच अपनी राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश करेंगे। निशांत कुमार को स्वभाव से शांत, गंभीर और सादगी पसंद व्यक्ति माना जाता है। वे लंबे समय तक राजनीति और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहे हैं। कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी सादगी और लो-प्रोफाइल जीवनशैली भी देखने को मिल चुकी है, जिस कारण लोग उनमें नीतीश कुमार की छवि देखते हैं। निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ था। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई पटना के सेंट कैरेंस स्कूल और केंद्रीय विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने Birla Institute of Technology Mesra, रांची से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
Leave a comment