
महेशपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर (प्रमाणिक टोला) की घटना, हत्या में प्रयुक्त भुजाली बरामद
पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर (प्रमाणिक टोला) गांव में पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी पति गांव के बाहर झाड़ियों में छिप गया था, जिसे पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार मृतका के पुत्र नरेश मुर्मू (31) ने महेशपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पिता धनेश्वर मुर्मू पर मां सुशीला हेम्ब्रम की हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर महेशपुर थाना में कांड संख्या 39/2026, दिनांक 14 मार्च 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहर झाड़ियों में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लंबे समय से चल रहे पति-पत्नी के विवाद के कारण उसने गुस्से में आकर धारदार भुजाली (दाव) से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
छापेमारी अभियान में महेशपुर थाना प्रभारी पु.अ.नि. रवि शर्मा, रद्दीपुर ओपी प्रभारी पु.अ.नि. अजय कुमार उपाध्याय, पु.अ.नि. दीपक कुमार, पु.अ.नि. अजय कुमार महतो, आरक्षी राजेश हेम्ब्रम, आरक्षी अंकित कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
फिलहाल पुलिस आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
पाकुड़ ब्यूरो जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
Leave a comment