रांची: राजधानी रांची के प्रेम नगर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे कोयला कारोबारी के घर पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, घर को निशाना बनाकर आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई। सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद मौके पर एक पर्चा छोड़े जाने की बात सामने आई है। इस पर्चे के जरिए राहुल दुबे गैंग ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि कारोबारी को पहले भी धमकी दी गई थी।
फिलहाल, इस घटना के पीछे की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पर्चे में किया गया दावा कितना सही है और घटना में कौन-कौन शामिल है।





Leave a comment