जामताड़ा। जामताड़ा के उपायुक्त (DC) की संवेदनशील पहल की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। निरीक्षण के दौरान जब एक युवती ने अपनी समस्या बताई, तो DC ने अपनी गाड़ी रुकवाकर उसकी पूरी बात सुनी। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, जिसके बाद युवती को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की तीन महीने की लंबित राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, युवती ने DC को बताया कि पात्र होने के बावजूद उसे योजना की राशि नहीं मिल रही थी। शिकायत सुनने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल जांच कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासनिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर युवती को तीन महीने की लंबित सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और ऐसी शिकायतों का त्वरित निपटारा किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि किसी योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है, तो वे बेझिझक प्रशासन को इसकी जानकारी दें।
DC की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली से जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है।
Leave a comment