झारखंड की राजधानी रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में एक अत्याधुनिक ‘स्टेट ऑफ आर्ट पार्क’ विकसित किया जाएगा। यह पार्क धुर्वा डैम के समीप बनाया जाएगा, जहां गुरुजी की एक भव्य और विशाल प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। यह परियोजना गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर तैयार की जाएगी। पार्क में शिबू सोरेन के जीवन, उनके संघर्ष और झारखंड आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को आधुनिक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। परियोजना को राज्य सरकार ने पर्यटन विभाग को सौंप दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार इस स्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं।
पार्क में गुरुजी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसमें महाजनी प्रथा के खिलाफ उनके आंदोलन से संबंधित दस्तावेज और तस्वीरें शामिल होंगी। साथ ही एक बड़ा स्मृति हॉल बनाया जाएगा, जहां उनकी उपलब्धियों और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को दर्शाया जाएगा। इस स्थल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
धुर्वा डैम के पास करीब चार एकड़ जमीन को इस परियोजना के लिए उपयुक्त माना गया है। रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी और आसान पहुंच के कारण यह स्थान पहले से ही लोगों के बीच लोकप्रिय है, जिससे यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, मोरहाबादी स्थित शिबू सोरेन के सरकारी आवास को ‘गुरुजी स्मृति संग्रहालय’ में परिवर्तित किया जाएगा। इसका उद्देश्य झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
Leave a comment