धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए मतगणना शुक्रवार देर रात तक जारी रही, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब शनिवार को शेष मतों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि शहर की कमान किसके हाथ में जाएगी। अब तक की गिनती में पूर्व विधायक संजीव सिंह ने मजबूत बढ़त बना ली है। वे वर्तमान विधायक रागिनी सिंह के पति हैं। शुरुआती रुझानों के अनुसार संजीव सिंह 9,944 वोटों से आगे चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उन्हें भाजपा का आधिकारिक समर्थन नहीं मिला, इसके बावजूद वे हर राउंड में बढ़त बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने अब तक दो राउंड के आधिकारिक परिणाम जारी किए हैं। इन दो राउंड में संजीव सिंह को 28,377 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर चंद्रशेखर अग्रवाल हैं, जिन्हें 18,433 वोट प्राप्त हुए। भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजेव कुमार को 15,789 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित शमशेर आलम अंसारी को 10,246 वोट हासिल हुए। अन्य उम्मीदवारों में इंदु देवी को 4,096, प्रकाश कुमार को 4,194 और रवि चौधरी को 728 मत मिले। पहले दो राउंड के नतीजों से स्पष्ट संकेत मिला है कि मुकाबला मुख्य रूप से शीर्ष चार प्रत्याशियों के बीच सिमट गया है, हालांकि संजीव सिंह की बढ़त फिलहाल निर्णायक दिखाई दे रही है। इस चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि प्रमुख दावेदारों का किसी न किसी रूप में भाजपा से संबंध रहा है। संजीव कुमार को भाजपा का आधिकारिक समर्थन प्राप्त है।
संजीव सिंह स्वयं झरिया से भाजपा विधायक रह चुके हैं और उनकी पत्नी वर्तमान में भाजपा विधायक हैं। वहीं चंद्रशेखर अग्रवाल ने शुरुआत में भाजपा के समर्थन की उम्मीद में नामांकन किया था, लेकिन स्पष्ट समर्थन नहीं मिलने पर उन्होंने दो फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया।
Leave a comment