राज्य में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और खरसावां सहित आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश और तेज हवाएं चलीं। वहीं राजधानी रांची और खूंटी में बारिश तो नहीं हुई, लेकिन शाम के समय तेज हवा और आंशिक बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम ठंडा महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि 11 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में अचानक 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को एक बार फिर गर्मी का एहसास होने लगेगा।
राज्य के पूर्वी जिलों देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, गिरिडीह और धनबाद में पिछले दिनों अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन हालिया बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और अब यह 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। इन जिलों में आज भी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर समेत कई इलाकों के लिए समय-समय पर येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं 10 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच मौसम विभाग ने तीन येलो अलर्ट और दो ऑरेंज अलर्ट जारी किए, ताकि संभावित आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क किया जा सके।
Leave a comment