रांची नगर निकाय चुनाव 2026 में महिलाओं ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। 53 वार्डों में से 32 वार्डों में महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। वहीं, पुरुष उम्मीदवार 21 वार्डों में जीत दर्ज की। नगर निगम चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि शहर की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार मजबूत हो रही है। कई वार्डों में महिलाओं ने निर्णायक बढ़त हासिल की, तो कई जगह बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की गई। इन नतीजों से यह स्पष्ट हो गया है कि रांची नगर निगम की नई परिषद में महिलाओं की भागीदारी निर्णायक रहेगी।
कई वार्डों में महिलाओं ने मजबूत जनाधार के साथ जीत दर्ज की है, जिससे आने वाले कार्यकाल में निगम की राजनीति में ‘नारी शक्ति’ की भूमिका और प्रभावी होने की संभावना है। कई वार्डों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। वार्ड 38 में मात्र 26 वोट का अंतर रहा। वार्ड 33 में 74 वोट, वार्ड 14 में 96 वोट और वार्ड 2 में 97 वोट का अंतर रहा। इन परिणामों ने यह दिखा दिया कि मतदाताओं ने कई जगह आखिरी वोट तक मुकाबला बनाए रखा।
Leave a comment