
कानून, सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक, थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की सक्रियता बनी चर्चा का विषय

गिद्दी(हजारीबाग)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत पाछाड़ी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गिद्दी पुलिस ने धार्मिक आयोजन के मंच को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों के बीच पुलिस की ओर से विभिन्न कानूनी प्रावधानों, सामाजिक कुरीतियों और साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
इस दौरान ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन, बाल विवाह, दहेज प्रथा, मानव तस्करी, डायन प्रथा, मॉब लिंचिंग तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से कानून का सम्मान करने और किसी भी प्रकार की आपराधिक या सामाजिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
जागरूकता अभियान के दौरान साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930, पुलिस सहायता के लिए डायल 112 तथा मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
पूरे कार्यक्रम के दौरान गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद को मजबूत करते हुए ग्रामीणों को सरल भाषा में कानून और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां समझाईं। उनके नेतृत्व में आयोजित यह जागरूकता अभियान न केवल कानून के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ाने वाला रहा, बल्कि सामाजिक कुरीतियों और अपराध के खिलाफ सामूहिक जागरूकता पैदा करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
ग्रामीणों ने गिद्दी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लोगों तक कानून की जानकारी पहुंचाने का बेहद प्रभावी माध्यम हैं। पुलिस की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा, कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।
Leave a comment