रांची के लालपुर स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल में अवैध गतिविधियों के संचलन का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमारी के बाद 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से 13 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। लालपुर थाना प्रभारी के अनुसार, इस रैकेट का संचालन अंतरराज्यीय स्तर पर किया जा रहा था। बताया गया है कि कोलकाता निवासी सुमन दा पश्चिम बंगाल से लड़कियों की आपूर्ति करता था। इनमें कुछ लड़कियां झारखंड और ओडिशा की भी पाई गई हैं। इन लड़कियों को रांची के कचहरी चौक स्थित होटल सनराइज के मैनेजर रंजीत, मुनीर, रवि, राहुल और लॉज के संचालक द्वारा ग्राहकों तक पहुँचाया जाता था।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि ओम लॉज के ग्राउंड फ्लोर पर इन लड़कियों को ठहराया जाता था, जिसकी व्यवस्था लॉज संचालक राज कुमार सिंह द्वारा की जाती थी। प्रति कमरे का किराया 400 प्रतिदिन लिया जाता था। लॉज के पहले और दूसरे तल्ले पर छात्राएं रहती थीं, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब छापेमारी की, तो छात्राएं सामने आ गईं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद लड़कियों ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इन लड़कियों के मोबाइल फोन से ग्राहकों की जानकारी और लेन-देन के सबूत भी प्राप्त हुए हैं।
इस पूरे मामले में मुख्य दलाल और लॉज संचालक अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है।
Leave a comment