गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार (JH-01AX-5216) में भारी मात्रा में शराब लेकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चंद्रेरी–पलमटांड़ रोड पर चंद्रेरी देवी मंडप के पास छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कार से 33 कार्टन में कुल 792 बोतल (375 एमएल) Royal Stag अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने बिहार के जमुई निवासी सुमित कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब लदी कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस कांड में विवेक कुमार, मोहित, हिमांशु सिंह और सोनू यादव भी संलिप्त हैं, जो फिलहाल फरार हैं। वहीं जब्त वाहन के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस संबंध में तिसरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a comment