
हजारीबाग: लोहसिंघना थाना क्षेत्र के ग्राम मंडई में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तेज़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा कर दिया है। 15 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। अब इस कांड का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चोरी में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के जरिए पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मंडई कला निवासी फरीद आलम उर्फ भोपट, तालिब खान, रोमी अलगडीहा निवासी निशांत हुसैन उर्फ निशु तथा पेलावल क्षेत्र निवासी अब्बू ओबेदा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी गए कई कीमती सामान भी बरामद किए हैं।
बरामद सामानों में पीतल के परात, दिया, कटोरा, कड़ाही, डेकची, लोटा, ग्लास, बाल्टी के साथ ड्रिल मशीन और कटर मशीन भी शामिल हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लोहसिंघना थाना प्रभारी, पेलावल ओपी प्रभारी, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी व जवानों सहित सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।
लोहसिंघना पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अपराध करने वाले कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं। तेज़ कार्रवाई और त्वरित उद्भेदन ने पुलिस की सक्रियता को एक बार फिर साबित कर दिया है।
Leave a comment