रांची: झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और झारखंड कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने बताया कि शाम 6 बजे मुख्यमंत्री आवास में महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में राज्यसभा चुनाव समेत मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होगी। महागठबंधन में शामिल दलों के प्रमुख नेताओं के साथ-साथ विधायकों की मौजूदगी भी संभावित है। बैठक में आगामी रणनीति और गठबंधन की एकजुटता को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी सहयोगी दल मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी घटकों के बीच बेहतर समन्वय है और राज्यहित से जुड़े मुद्दों पर साझा निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया जारी है। इसे लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास में होने वाली महागठबंधन की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के समर्थन, वोट प्रबंधन और गठबंधन की भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। अब सभी की नजरें शाम 6 बजे होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं, जहां से कई महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत मिलने की संभावना है।
Leave a comment