
हजारीबाग: शहरवासियों को शनिवार को बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन द्वारा घोड़ा अस्पताल के समीप स्थित सूखे एवं जर्जर वृक्ष को काटने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लोसिंघना पावर सबस्टेशन से संचालित कई फीडरों की विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
विद्युत विभाग के अनुसार 11 केवी लोसिंघना, 11 केवी न्यू एरिया, 11 केवी पेलावल एवं 33 केवी चरवा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में इस दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। इसका असर शिवपुरी, विष्णुपुरी, रामनगर, लोसिंघना रोड, ओकनी तालाब, पेलावल, शिवदयाल नगर, कानी बाजार, बड़ा अखाड़ा, खजांची तालाब, यादव बाबू चौक, कदमा, कल्लू चौक समेत आसपास के दर्जनों मोहल्लों पर पड़ेगा।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती को देखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें। विभाग का कहना है कि पेड़ की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसे हटाना आवश्यक हो गया था, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या विद्युत व्यवस्था को होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
सहायक विद्युत अभियंता, हजारीबाग शहरी ने बताया कि जनहित एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कार्य कराया जा रहा है। कार्य पूर्ण होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, हालांकि परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित समय में आंशिक बदलाव संभव है।
Leave a comment