झारखंड के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटनाओं में सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ क्षेत्र में हाथियों के हमले में एक महिला घायल हो गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में एक ग्रामीण की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ में हाथियों का झुंड गांव के समीप पहुंच गया। इस दौरान एक महिला हाथियों की चपेट में आकर घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं मनोहरपुर क्षेत्र में हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने तथा हाथियों के झुंड के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।
वन विभाग की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सुरक्षा के आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Leave a comment